विशाखापट्टनम में गैस रिसाव से 8 लोगों की मौत। 3000 लोगों को निकाला गया बाहर। कई अस्पताल में भर्ती।

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां के आर.आर. वेंकटपुरम गांव में दक्षिण कोरिया की कंपनी एलजी के पॉलिमर प्लांट में रासायनिक गैस लीक हुई है। जहरीली गैस के प्रभाव में आकर 8 लोगों की मौत हो गई है। इसमें एक बच्चा भी शामिल है। एक शख्स की मौत कुंए में गिरकर हुई है जब वह अपनी जान बचाने के लिए भाग रहा था l गांव और आसपास के इलाकों के हजारों लोगों ने आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की है। जिसके बाद लोगों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके साथ ही गांवों का खाली कराया जा रहा है। पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

आंध्र प्रदेश के डीजीपी डीजी सवांग ने बताया कि अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। यह हादसा 3.30 बजे का है। यह प्लांट लॉकडाउन के चलते बंद चल रहा था। राज्य के मुख्यमंत्री वायएस जगनमोहन रेड्डी विशाखापट्टनम के लिए रवाना होने वाले हैं। यहां वे उस अस्पताल जाएंगे जहां गैस पीड़ितों को रखा गया है।

कुल 9 गाँव पर गैस का असर हुआ है। इनमें से 5 को पूरी तरह खाली करवा लिया गया है बाकी 4 गाँवों को खाली करवाने का काम किया जा रहा है। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि स्थिति को अगले 2 से 3 घंटे में नियंत्रण में ले लिया जााएगा। कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। इन्हें आक्सीजन का सपोर्ट दिया गया है। कई लोगों ने आंखों में जलन और शरीर पर निशान की भी शिकायत की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here