कोरोना के खतरे को कम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज रविवार को जनता कर्फ्यू के आह्वान का पूरे देश के साथ साथ उत्तराखंड में भी जबरदस्त असर दिख रहा है। देहरादून के अधिकांश शहरों, कस्बों में पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ है।

देहरादून के सभी क्षेत्रों में लोग जनता कर्फ्यू का पालन कर रहे हैं। बेहद चहल पहल वाले रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा हुआ है। यही हाल आईएसबीटी का भी है। परिवहन निगम ने अपनी निपटान सेवाओं को बंद कर दिया। बेहद कम बसों का संचालन हो रहा है। यहां भी यात्रियों की संख्या न के बराबर है। इक्का दुक्का लोग ही दिखते हैं। संभव है कि वह किसी को स्थिती में निकले हों।
देहरादून के दिल कहे जाने वाले घंटाघर और राजपुर रोड पर सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां चहल पहल बिल्कुल नहीं है। पलटन बाजार में एक भी शख्स नजर नहीं आ रहा है।
आपको याद दिला दें कि कोरोना के खतरे को कम करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी लोगों से जनता कर्फ्यू को सफल बनाने का आह्वान किया है।